वडनगर रेलवे स्टेशन पर 76 दिव्यांग खिलाड़ी लगाएंगे 76 पौधे डीआरएम वेद प्रकाश ने स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और तैयारियों का लिया जायजा

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को वडनगर रेलवे स्टेशन पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में 76 दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा 76 पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। रेलवे की इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहभागिता और समावेशी समाज का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वडनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, रेल संरक्षा और कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने, स्टेशन परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उंझा के विधायक के.के. पटेल, महेसाणा जिला प्रभारी एवं पूर्व महापौर, वडोदरा भरतभाई डांगर, महेसाणा जिला महामंत्री कमलभाई पटेल सहित जनप्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पिछले साल लगाए 75 पौधे बने हरियाली की मिसाल

रेलवे के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वडनगर स्टेशन पर 75 पौधे लगाए गए थे। पिछले एक वर्ष में इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण किया गया, जिसके चलते पौधे अब स्वस्थ होकर हरे-भरे वृक्षों का रूप ले रहे हैं।

इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 76 नए पौधे लगाए जाएंगे। अहमदाबाद मंडल की यह पहल पौधारोपण से संरक्षण तक की भावना को आगे बढ़ाते हुए रेलवे परिसरों को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास का हिस्सा है।