लुधियाना-जाखल पैसेंजर अब जींद तक जाएगी, यात्रियों को मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी

फिरोजपुर। यात्रियों की सुविधा और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने लुधियाना-जाखल पैसेंजर ट्रेन को जींद तक विस्तारित करने का फैसला किया है। अब लुधियाना से जींद के बीच यात्रियों को सीधी रेल सेवा मिलेगी और जींद जाने के लिए जाखल में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी।

11 सितंबर से ट्रेन संख्या 54054 लुधियाना से जींद तक चलेगी। यह ट्रेन लुधियाना से शाम 6:30 बजे रवाना होकर रात 11:30 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी। वहीं, 12 सितंबर से ट्रेन संख्या 54053 जींद से लुधियाना के लिए चलेगी। यह ट्रेन जींद से सुबह 3:40 बजे रवाना होकर सुबह 8:30 बजे लुधियाना जंक्शन पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, लुधियाना-जाखल के बीच दोनों ट्रेनों की मौजूदा समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जाखल से जींद के बीच विस्तारित मार्ग पर हिम्मतपुरा, टोहाना, कलवान, धमतान साहिब, धरोदी, नरवाना, घासो, उचाना, गांव बड़ौदा और बरसोला स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव दिया गया है।

इस सेवा के विस्तार से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों समेत बड़ी संख्या में यात्रियों को फायदा होगा। अब जाखल में ट्रेन बदलने की परेशानी समाप्त होने से यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक होने के साथ समय की भी बचत होगी। वहीं, मार्ग के मध्यवर्ती स्टेशनों के यात्रियों को भी बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के नवीनतम समय और ठहराव की जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली या रेलवे हेल्पलाइन 139 से अवश्य प्राप्त कर लें।