लखनऊ रेलवे स्टेशन पर 27 दिन का ब्लॉक, कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित प्लेटफॉर्म-2 और 3 पर पूर्ण ब्लॉक; कई ट्रेनें आंशिक निरस्त तो कई का बदला मार्ग

लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स संरचना के निर्माण कार्य के चलते 16 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 तक 27 दिनों का ब्लॉक लिया जा रहा है। इस दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर पूर्ण ब्लॉक तथा प्लेटफॉर्म संख्या 1 और एमआर-1 पर आंशिक ब्लॉक रहेगा। इसके चलते कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

रेलवे के अनुसार, इस अवधि में कुछ ट्रेनों को लखनऊ के बजाय दूसरे स्टेशनों पर समाप्त किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें बदले हुए प्रारंभिक स्टेशन से चलेंगी। कई ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है।

कानपुर तक ही जाएगी झांसी-लखनऊ ट्रेन

गाड़ी संख्या 64701 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ 16 सितंबर से 12 अक्टूबर तक कानपुर सेंट्रल पर ही समाप्त होगी। कानपुर सेंट्रल से लखनऊ के बीच यह ट्रेन निरस्त रहेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 64702 लखनऊ-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी भी इसी अवधि में कानपुर सेंट्रल से ही चलेगी।

गाड़ी संख्या 64212 कानपुर-लखनऊ मानकनगर तक ही चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 64255 उतरेटिया-कानपुर मानकनगर से प्रारंभ होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22683 यशवंतपुर-लखनऊ 14, 21, 28 सितंबर और 5 अक्टूबर को उतरेटिया में समाप्त होगी। गाड़ी संख्या 22684 लखनऊ-यशवंतपुर 17, 24 सितंबर तथा 1 और 8 अक्टूबर को उतरेटिया से रवाना होगी।

एलटीटी-लखनऊ ट्रेन का टर्मिनल बदलेगा

गाड़ी संख्या 22121 एलटीटी-लखनऊ 19 और 26 सितंबर तथा 3 और 10 अक्टूबर को लखनऊ के बजाय लखनऊ जंक्शन पर समाप्त होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 22122 लखनऊ-एलटीटी 20 और 27 सितंबर तथा 4 और 11 अक्टूबर को लखनऊ जंक्शन से ही संचालित होगी।

कई ट्रेनों का बदला मार्ग

ब्लॉक के चलते गाड़ी संख्या 15075 शक्तिनगर-टनकपुर और 15073 सिंगरौली-टनकपुर उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर होकर चलेंगी। इन ट्रेनों का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। इसी तरह वापसी में 15074 टनकपुर-सिंगरौली और 15076 टनकपुर-शक्तिनगर आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया होकर संचालित होंगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 19054 मुजफ्फरपुर-सूरत, 19053 सूरत-मुजफ्फरपुर, 15636 गुवाहाटी-ओखा, 15635 ओखा-गुवाहाटी, 15668 कामाख्या-गांधीधाम और 15667 गांधीधाम-कामाख्या का मार्ग भी परिवर्तित रहेगा। ये ट्रेनें लखनऊ के बजाय मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर अथवा संबंधित दिशा में निर्धारित परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।

गाड़ी संख्या 12572 आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर, 12596 आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर, 12571 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल और 12595 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल भी लखनऊ स्टेशन से होकर नहीं चलेंगी। इनका मार्ग ऐशबाग के रास्ते परिवर्तित रहेगा।

इसी तरह 12555 गोरखपुर-भटिंडा, 12556 भटिंडा-गोरखपुर, 11123 ग्वालियर-बरौनी और 11124 बरौनी-ग्वालियर का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है। 15025 मऊ-आनंद विहार टर्मिनल और 15026 आनंद विहार टर्मिनल-मऊ भी निर्धारित तिथियों पर परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ब्लॉक के दौरान यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के समय, प्रारंभिक स्टेशन, टर्मिनल और परिवर्तित मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लें। यात्रियों को एनटीईएस ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 से ताजा जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।