रेल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा, चार प्रमुख स्टेशनों पर शुरू हुई डिजिटल लॉकर सेवा

दिल्ली। रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल की ओर से नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल जैसे चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू की गई है। यह सुविधा यात्रियों को यात्रा के दौरान अपना सामान सुरक्षित रखने का सुविधाजनक और आधुनिक विकल्प उपलब्ध कराएगी।

वाणिज्यिक पहल के तहत शुरू की गई यह सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, जिनकी ट्रेन के बीच लंबा अंतराल है या जो स्टेशन से बाहर घूमने जाना चाहते हैं। यात्री भारी सामान साथ लेकर घूमने के बजाय उसे डिजिटल लॉकर में सुरक्षित रख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर आसानी से वापस प्राप्त कर सकेंगे।

डिजिटल लॉकर में मोबाइल नंबर और ओटीपी आधारित सुरक्षित प्रवेश व्यवस्था की गई है। सामान जमा करने के लिए यात्री मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी सत्यापित करेंगे। इसके बाद अपनी जरूरत के अनुसार लॉकर का आकार और समयावधि चुनकर डिजिटल भुगतान कर सामान सुरक्षित रख सकेंगे। सामान वापस लेने के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर और ओटीपी से सत्यापन कर लॉकर खोलना होगा।

भुगतान के लिए गूगल पे, पेटीएम, फोनपे सहित अन्य उपलब्ध डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है। यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मिनी, छोटा, मध्यम, बड़ा और अतिरिक्त बड़ा आकार के लॉकर उपलब्ध कराए गए हैं।

नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर सुविधा शुरू हो चुकी है, जबकि दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल पर इसे जल्द शुरू किया जाएगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लगेज लॉकर प्लेटफॉर्म नंबर 16 के पास, डिजिटल प्रदर्शन बोर्ड के नीचे मुख्य हॉल में उपलब्ध है। वहीं हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर यह सुविधा मुख्य प्रवेश द्वार के पास सीढ़ियों के बगल में स्थापित की गई है।

दोनों स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा 24 घंटे और सातों दिन यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी। इस सुविधा से पर्यटकों, लंबी प्रतीक्षा अवधि वाले यात्रियों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दिल्ली मंडल की यह पहल रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक, सुरक्षित, तकनीक आधारित और यात्री-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।