रेल मदद बनी यात्रियों के लिए सहारा, 1139 मामलों में समय पर मिली चिकित्सीय सहायता

रेल मदद बनी यात्रियों के लिए सहारा, 1139 मामलों में समय पर मिली चिकित्सीय सहायता

दवा से लेकर एंबुलेंस तक की व्यवस्था, ट्रेन में तबीयत बिगड़ने पर संबंधित स्टेशन पर सक्रिय हुई रेलवे की टीम

रायपुर। यात्रा के दौरान यात्रियों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर रेलवे की ?रेल मदद? सेवा त्वरित सहायता का माध्यम बन रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान 1139 चिकित्सा संबंधी मामलों में रेल मदद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई।

रायपुर मंडल के वाणिज्य नियंत्रण में संचालित रेल मदद टीम चौबीसों घंटे यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों पर नजर रखती है। किसी यात्री की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही वाणिज्य, चिकित्सा विभाग और स्टेशन प्रबंधन की टीम आपसी समन्वय से संबंधित स्टेशन पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयों और जरूरत के अनुसार एंबुलेंस की व्यवस्था करती है।

दुर्ग स्टेशन पर दिव्यांग यात्री के लिए एंबुलेंस

30 जुलाई को ट्रेन संख्या 22358 में यात्रा कर रहे एक दिव्यांग यात्री ने लकवे और शरीर में सुन्नपन की शिकायत की। रेल मदद टीम ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और यात्री के दुर्ग स्टेशन पर उतरने की व्यवस्था कराई। स्टेशन पर एंबुलेंस उपलब्ध कराकर यात्री को जिला अस्पताल भेजा गया।

इसी तरह 3 अगस्त को ट्रेन संख्या 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस में यात्रा कर रही महिला यात्री को तेज पेट दर्द की शिकायत हुई। रायपुर स्टेशन पर एंबुलेंस की जरूरत की सूचना मिलते ही रेल मदद टीम ने चिकित्सा इकाई और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर एंबुलेंस उपलब्ध कराई। यात्री को आगे के उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया।

ट्रेन में यात्रियों को उपलब्ध कराई दवाएं

19 जुलाई को ट्रेन संख्या 17007 में यात्रा कर रही महिला यात्री को लूज मोशन की शिकायत होने पर दवा की आवश्यकता थी। रेल मदद टीम ने तत्काल संपर्क कर दुर्ग स्टेशन पर दवा उपलब्ध कराई। वहीं 23 जुलाई को ट्रेन संख्या 20845 में एक यात्री के सहयात्री को सिरदर्द, हल्का बुखार और सर्दी की शिकायत पर रायपुर हेल्थ केयर यूनिट को सूचना दी गई और रायपुर स्टेशन पर आवश्यक दवा उपलब्ध कराई गई।

बच्चे समेत अन्य यात्रियों को भी मिली मदद

19 अगस्त को ट्रेन संख्या 12146 पुरी-एलटीटी साप्ताहिक एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री को टिटनेस इंजेक्शन अथवा आवश्यक दवा की जरूरत की सूचना मिली। रेल मदद टीम ने मामला रायपुर हेल्थ केयर यूनिट तक पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।

27 अगस्त को ट्रेन संख्या 12252 वैनगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री ने सैनिटरी पैड की आवश्यकता बताई। रेल मदद टीम ने संबंधित चिकित्सा अधिकारी को सूचना देकर यात्री को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराया।

10 सितंबर को ट्रेन संख्या 20861 पुरी-अहमदाबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे दो वर्षीय बच्चे को बुखार होने की सूचना मिली। रेल मदद टीम ने रायपुर हेल्थ केयर हब को जानकारी दी। रायपुर रेलवे स्टेशन पर बच्चे की जांच कर आवश्यक दवा उपलब्ध कराई गई।

रेलवे के अनुसार, इन मामलों में यात्रियों और उनके परिजनों ने रेल मदद की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। रायपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान चिकित्सा अथवा अन्य सहायता की आवश्यकता होने पर रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से रेल मदद सेवा का उपयोग करें, ताकि संबंधित विभागों और स्टेशन प्रबंधन के समन्वय से यथाशीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।