रेलवे अधिकारियों में दिखेगा खेल का जोश, 2 सितंबर से अंतर-विभागीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल में अधिकारियों के बीच खेल भावना, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतर-विभागीय अधिकारी वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जोधपुर मंडलीय खेलकूद संघ की ओर से यह प्रतियोगिता 2 से 8 सितंबर तक रेलवे स्टेडियम, जोधपुर में आयोजित होगी।

खेलकूद अधिकारी तरुण बीका ने बताया कि प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न विभागों की सात टीमें भाग लेंगी। इनमें इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, कंस्ट्रक्शन एवं गति शक्ति, सामान्य-कार्मिक-लेखा एवं ऑडिट, परिचालन-वाणिज्य-आरपीएफ, मेडिकल एवं वर्कशॉप तथा इलेक्ट्रिकल, विद्युत/टीआरडी, सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग शामिल हैं।

मैकेनिकल टीम में ईएनएचएम, सीएंडडब्ल्यू और डीजल शेड को भी शामिल किया गया है, जबकि सिग्नल एवं टेलीकॉम टीम में प्रोजेक्ट यूनिट की भागीदारी रहेगी। प्रत्येक टीम में कम से कम 10 खिलाड़ी होंगे।

लीग मुकाबले तीन सेटों में से दो जीतने के आधार पर खेले जाएंगे और प्रत्येक सेट 11 अंकों का होगा। सेमीफाइनल मुकाबले 21 अंकों तथा फाइनल मुकाबला 25 अंकों का होगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की खेल गतिविधियां अधिकारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ टीम भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय को मजबूत करती हैं। प्रतियोगिता को लेकर रेलवे अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।