राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर गौशाला संचालकों और प्रगतिशील पशुपालकों को मिला सम्मान

देवरिया।श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के जन्म दिवस के अवसर पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर पशु चिकित्सालय सदर, देवरिया में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के गौशाला संचालकों एवं डेयरी उद्योग से जुड़े उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने अपने हाथों से गौशाला संचालकों व डेयरी उद्योग से संबंधित उच्च श्रेणी के पशुपालकों को प्रशस्ति पत्र वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. वर्गीज कुरियन ने देश को दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही लाखों किसानों और पशुपालकों के जीवन में समृद्धि लाई। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है।डॉ. प्रसाद ने कहा कि आज देश दुग्ध उत्पादन में विश्व में अग्रणी है, इसका श्रेय डॉ. कुरियन के दूरदर्शी नेतृत्व और पशुपालकों की मेहनत को जाता है। उन्होंने पशुपालकों से वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन अपनाने, पशुओं के संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही गौशाला संचालकों से गोवंशों की देखभाल, चारा-पानी व चिकित्सा व्यवस्था को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सम्मानित गौशाला संचालकों और पशुपालकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि विभाग के मार्गदर्शन से उन्हें डेयरी व्यवसाय में काफी लाभ हो रहा है।इस अवसर पर जनपद के सभी उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, दुग्ध विभाग के उप प्रबंधक व सुपरवाइजर सहित पशुपालन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, गौ-संरक्षण को मजबूत करने और किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प के साथ डॉ. वर्गीज कुरियन को श्रद्धांजलि अर्पित की।