राज्य पुरस्कार के लिए प्रशिक्षित हुए सैकड़ों स्काउट-गाइड

आलापुर ( अंबेडकर नगर ) | ब्लूमिंग चिल्ड्रेन एकेडमी, देवरिया पंडित विद्यालय में राज्य पुरस्कार की तैयारी के लिए आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को समापन हुआ। 25 से 27 अगस्त तक चले शिविर के अंतिम दिन सर्वधर्म प्रार्थना, कैम्प क्लोजिंग, फाइनल टॉक, विसर्जन तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा गुप्ता ने प्रशिक्षण शिविर में आए ट्रेनरों, शिविर संचालक एवं संचालिका को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने स्काउट-गाइड के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर के तीसरे दिन जिला संगठन आयुक्त बलिराम राजभर एवं जिला स्काउट-गाइड आयुक्त डॉ. प्रियंका तिवारी ने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। जिला संगठन आयुक्त बलिराम राजभर ने ध्वज शिष्टाचार, टोली व्यवस्था, वर्दी एवं सलामी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जिले के लगभग डेढ़ दर्जन विद्यालयों के सैकड़ों स्काउट-गाइड ने प्रतिभाग किया। इनमें तक्षशिला अकादमी, मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बीआर एसडी इंटर कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय कॉलेज जाफरगंज, मिश्रीलाल सुन्दरी देवी इंटर कॉलेज, ब्लूमिंग चिल्ड्रेन एकेडमी देवरिया, जीजीआईसी तेंदुआईकला, बीपी स्काउट दल, आदर्श जनता इंटर कॉलेज, एचटी इंटर कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज रामनगर तथा सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालय शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त बादल विश्वकर्मा, ट्रेनिंग काउंसलर गौतम जायसवाल, सहायक प्रशिक्षक आरती यादव, ट्रेनिंग काउंसलर गौरव गोस्वामी, स्काउट मास्टर अवधेश कुमार मौर्य, सहायक अध्यापक सीमा चौधरी, विद्यालय प्रबंधक रमेशचंद्र गुप्ता एवं संरक्षक लालमणि गोंड सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
शिविर के माध्यम से बच्चों को राज्य पुरस्कार के लिए आवश्यक स्काउट-गाइड कौशल एवं अनुशासन का प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया। समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।