रतनगढ़-बीकानेर रेलखंड पर तकनीकी कार्य के चलते दो ट्रेनें रद्द, दो के समय में बदलाव

रतनगढ़-बीकानेर रेलखंड पर तकनीकी कार्य के चलते दो ट्रेनें रद्द, दो के समय में बदलाव

रेलवे द्वारा बीकानेर मंडल के रतनगढ़-बीकानेर रेलखंड के बीच रेलपथ पर तकनीकी कार्य कराया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में कुछ रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावित ट्रेनों की जानकारी जारी की है।

दो ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 74856 रतनगढ़-बीकानेर रेलसेवा 22 दिसंबर 2026 और 5 जनवरी 2027 को रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 74855 बीकानेर-रतनगढ़ रेलसेवा 23 दिसंबर 2026 और 6 जनवरी 2027 को संचालित नहीं होगी।

दो ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव

गाड़ी संख्या 14718 हरिद्वार-बीकानेर रेलसेवा 22 दिसंबर 2026 और 5 जनवरी 2027 को हरिद्वार से अपने निर्धारित समय से 1 घंटे 40 मिनट की देरी से शाम 6:05 बजे रवाना होगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12457 दिल्ली सराय-बीकानेर रेलसेवा उक्त दोनों तारीखों को अपने निर्धारित समय से 1 घंटे की देरी से रात 1 बजे प्रस्थान करेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की संशोधित समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।