मौसम की चुनौती के बीच भी जारी रहा माता का दरबार रातभर बारिश, फिर भी नहीं थमी मां वैष्णो देवी की यात्रा; दोपहर बाद बैटरी कार मार्ग भी बहाल

कटड़ा। रातभर हुई झमाझम बारिश के बावजूद मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। खराब मौसम के बीच भी माता के जयकारों से यात्रा मार्ग गूंजता रहा और श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से भवन की ओर बढ़ते रहे।

शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक लगातार बारिश के चलते बैटरी कार मार्ग पर कुछ स्थानों पर पहाड़ी से कंकड़-पत्थर और मलबा आ गया था। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मार्ग को कुछ समय के लिए एहतियातन बंद किया गया। इसके बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर सफाई एवं मार्ग को सुरक्षित बनाने का काम शुरू किया।

जेसीबी मशीनों, सफाई कर्मचारियों और आपदा प्रबंधन दल की तत्परता से मार्ग को जल्द ही साफ कर लिया गया। निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद शनिवार दोपहर करीब एक बजे बैटरी कार मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया। मार्ग बहाल होते ही श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली और यात्रा व्यवस्था पहले की तरह सुचारू हो गई।

मौसम बदला, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह नहीं

त्रिकूट पर्वत बादलों से घिरा रहा और ठंडी हवाओं के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा। इसके बावजूद माता के दर्शन की आस्था श्रद्धालुओं को कटड़ा से भवन की ओर खींचती रही। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पंजीकरण के बाद श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ माता के जयकारे लगाते हुए यात्रा पर रवाना होते दिखाई दिए।

यात्रा मार्ग पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस और सीआरपीएफ के जवान लगातार निगरानी करते रहे। बारिश के बीच भी टीमों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिला और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहीं।

दोपहर तीन बजे तक करीब 10 हजार श्रद्धालु रवाना

शनिवार दोपहर तीन बजे तक करीब 10 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं, कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही। खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं में माता के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

हालांकि, मौसम खराब रहने के कारण कटड़ा से भवन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शनिवार को स्थगित रही। इसके बावजूद पारंपरिक यात्रा मार्ग और बैटरी कार मार्ग के बहाल होने से श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिली।

बारिश के बीच प्रशासन की मुस्तैदी, मार्ग की त्वरित सफाई और श्रद्धालुओं की आस्था इन तीनों ने शनिवार की वैष्णो देवी यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सकारात्मक बनाए रखा।