मुरादाबाद में 3 दिन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई यूपी पीईटी परीक्षा, अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट

मुरादाबाद। यूपी पीईटी 3 दिनों तक शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। खास बात यह रही कि तीनों दिन परीक्षा के दौरान मुरादाबाद में किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

परीक्षा को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए अग्निशमन विभाग ने भी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों और निर्धारित स्थानों पर तैनात अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटियों का निरीक्षण किया। और साथ ही मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

वहीं पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक टीमें सक्रिय रहीं।

तीन दिनों तक चले इस परीक्षा आयोजन का शांतिपूर्ण संपन्न होना प्रशासनिक समन्वय, पुलिस की सतर्कता और अग्निशमन विभाग की तत्परता को दर्शाता है। सभी विभागों के बेहतर तालमेल से मुरादाबाद में परीक्षा बिना किसी बाधा के संपन्न हुई।