मुरादाबाद में छह होटल-रेस्टोरेंट का फायर ऑडिट, 36 लोगों को दिया अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में स्कीम नंबर-05 के तहत जिले के विभिन्न होटल, कैफे, रेस्टोरेंट, गेमिंग जोन, ब्यूटी पार्लर और सैलून में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी अग्निशमन केंद्रों की टीमों ने छह प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया। इनमें विक्टोरिया होटल बार एंड रेस्टोरेंट, क्रिविस कैफे एंड रेस्टोरेंट, होटल रेड सैफायर रॉयल, अल बैक रेस्टोरेंट, होटल इंद्र कांटिनेंटल और पिंड बलूची शामिल रहे।

अग्निशमन विभाग की टीमों ने प्रतिष्ठानों में मौजूद संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षित निकासी के उपायों की जानकारी दी। अभियान के दौरान कुल 36 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सभी प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस तरह के अभियानों का उद्देश्य आग की घटनाओं से बचाव के साथ-साथ आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए संस्थानों के कर्मचारियों को तैयार करना है।