मुरादाबाद में आतिशबाजी प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा मानकों की हुई जांच

मुरादाबाद। आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने आतिशबाजी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी कटघर, थाना प्रभारी कटघर एवं अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में आतिशबाजी से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

संयुक्त टीम ने आतिशबाजी के भंडारण एवं बिक्री स्थलों पर पहुंचकर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति सहित सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

अधिकारियों ने आतिशबाजी विक्रेताओं एवं कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं सुरक्षित निकासी के उपायों के संबंध में भी जागरूक किया गया।

प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आतिशबाजी के भंडारण एवं बिक्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संयुक्त निरीक्षण से क्षेत्र में आतिशबाजी कारोबार से जुड़े लोगों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है।