मिशन शक्ति अभियान के तहत बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता, एसीपी प्रीता दुबे ने दिलाई शपथ

आगरा। सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ताजगंज थाना क्षेत्र के कटरा जोगीदास में आयोजित 13वें दुर्गा पूजन महोत्सव के पंडाल में मिशन शक्ति टीम की ओर से बाल विवाह एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इस सामाजिक कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने का संदेश दिया गया। नाटक के जरिए बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के महत्व को रेखांकित किया गया। साथ ही लोगों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आगे आने और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में एसीपी प्रीता दुबे ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए जागरूक रहें और समाज में कहीं भी ऐसी स्थिति सामने आने पर उसके विरुद्ध आवाज उठाएं। उन्होंने बच्चों के सुरक्षित भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

मिशन शक्ति टीम की इस पहल के माध्यम से धार्मिक आयोजन के मंच से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह जैसी कुरीतियों के प्रति लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना और समाज को इनके उन्मूलन के लिए प्रेरित करना रहा।