माधोटांडा क्षेत्र में नवदिया सुखदासपुर और पिपरिया संतोष में बाघ की आहट, ग्रामीणों में दहशत

 

पीलीभीत। माधोटांडा क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की खबरों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। नवदिया सुखदास के पास न्यू इंडेन पेट्रोल पंप के नजदीक हाईवे किनारे परी इंस्टीट्यूट के समीप गन्ने के खेत में बाघ द्वारा एक अज्ञात जानवर पर हमला करने की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि बाघ जानवर को लहूलुहान करने के बाद उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर थाना माधोटांडा प्रभारी अशोक पाल और जमुनिया खास चौकी प्रभारी रियाज हैदर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं, वन विभाग की ओर से कर्मचारी कदाई लाल और सिपाही सत्येंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग की टीम ने गन्ने के खेत में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान खेत में जानवर को खींचकर ले जाने के निशान और खून के धब्बे दिखाई देने की बात सामने आई। इसी बीच क्षेत्र के पिपरिया संतोष में भी बाघ दिखाई देने की सूचना सामने आई है। दो अलग-अलग स्थानों पर बाघ की मौजूदगी की खबर से ग्रामीणों और किसानों में दहशत का माहौल है। खेतों में काम करने वाले किसानों और हाईवे से गुजरने वाले लोगों में भी भय बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग की टीम बाघ की मौजूदगी और हमले से जुड़ी सूचना की पुष्टि के लिए जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों का पता लगाने की मांग की है। फिलहाल लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। ग्रामीणों को गन्ने के खेतों में अकेले जाने से बचने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल पुलिस अथवा वन विभाग को देने की सलाह दी गई है। क्षेत्र में बाघ की आहट से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।