महारानी दुर्गावती जयंती समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में

आलापुर, अंबेडकर नगर। गोंडवाना की वीरांगना एवं अदम्य शौर्य, स्वाभिमान और साहस की प्रतीक महारानी दुर्गावती जी की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत हरदिहा के उमरी जलाल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर अखिल भारतीय गोंड महासभा के पदाधिकारियों ने पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन में जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

गौरतलब है कि गोंड धुरिया परिवार की शान और पहचान महारानी दुर्गावती जी का जयंती समारोह 5 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे उमरी जलाल (हरदिहा), भुजहिया माता मंदिर के पास, आलापुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। समारोह में बड़ी संख्या में गोंड धुरिया परिवार के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

अखिल भारतीय गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार गोंड के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में महारानी दुर्गावती जी के मुगलों के विरुद्ध अदम्य साहस, वीरता और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उमरी जलाल स्थित महारानी दुर्गावती की प्रतिमा के समक्ष एकत्र होकर उन्हें नमन करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे अखिल भारतीय गोंड महासभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लालमणि गोंड, सह मीडिया प्रभारी रामू सिंह गोंड, महारानी दुर्गावती सेवा सदन धर्मार्थ ट्रस्ट के संस्थापक, कंचन देवी, दिग्विजय, वरिष्ठ सदस्य फौजी गोंड, डॉ. अनिल कुमार गोंड, लक्ष्मीकांत गोंड, बलिराम गोंड, अमरदीप गोंड, शशांकमणि गोंड, भेजूराम गोंड सहित कई पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।

पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ताओं से तैयारियों की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन करते हुए समारोह को भव्य एवं सफल बनाने का आह्वान किया।