मध्य रेल मुख्यालय में राजभाषा समिति की 194वीं बैठक संपन्न महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने दैनिक कामकाज में अधिक से अधिक हिंदी के प्रयोग के दिए निर्देश

मुंबई। मध्य रेल के मुख्यालय मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में बुधवार को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 194वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने की। बैठक में अपर महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी, सभी विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक, मुख्य कारखाना प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक की शुरुआत से पहले महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने मुख्यालय के राजभाषा विभाग की त्रैमासिक ई-पत्रिका ?मध्य रेल की रेल सुरभि?अंक 47? का विमोचन किया।

बैठक में उप महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. विभावरी गोरे ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी प्रभात कुमार ने राजभाषा के प्रयोग की पिछली तिमाही की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मध्य रेल में हिंदी के प्रयोग और प्रसार को बढ़ाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक कार्य हिंदी में करने के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दैनिक कार्यों में अधिकाधिक राजभाषा हिंदी का प्रयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर पर हिंदी में काम करना काफी आसान हो गया है। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-टूल्स की मदद से नोटिंग, पत्राचार और मानक प्रपत्र जैसे कार्य भी हिंदी में करने का प्रयास करना चाहिए।

महाप्रबंधक ने राजभाषा के प्रयोग को कार्यालयीन कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

बैठक के अंत में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) दीपा मंदयान ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।