मध्य रेल पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ, महाप्रबंधक ने दिलाई स्वच्छता शपथ

मुंबई। मध्य रेल पर 2 अक्टूबर को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि विशेष अभियान 6.0 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसी के साथ 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 का भी समापन हुआ।

मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्थित महाप्रबंधक कार्यालय भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने स्वच्छता के लिए प्रत्येक वर्ष 100 घंटे, यानी सप्ताह में दो घंटे देने, लोगों को जागरूक करने तथा अपने घर, परिवार, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता की पहल करने का संकल्प लिया।

महाप्रबंधक ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के उपनगरीय कॉनकोर्स में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने उपनगरीय लॉबी के सामने बनाई गई महात्मा गांधी की विशाल रंगोली की भी सराहना की।

मध्य रेल के भुसावल, सोलापुर, पुणे और नागपुर मंडलों में भी स्वच्छता शपथ, श्रमदान, पौधारोपण और जागरूकता रैलियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। भुसावल मंडल में रेलवे स्काउट्स एवं गाइड्स ने स्वच्छता प्रभात रैली निकाली। नासिक रोड स्टेशन पर 425 विद्यार्थियों ने भजनों के माध्यम से महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

सोलापुर मंडल में आयोजित स्वच्छ प्रभात फेरी में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारों और आम नागरिकों सहित 130 से अधिक लोगों ने भाग लिया। पुणे मंडल में स्वच्छता विषय पर कला एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ रैलियां आयोजित की गईं। वहीं नागपुर मंडल की स्वच्छता रैलियों में 150 से अधिक लोगों ने सहभागिता की।

मध्य रेल द्वारा स्वच्छता पखवाड़े और विशेष अभियान के तहत स्वच्छता, ई-कचरे के व्यवस्थित निपटान, कार्यस्थलों के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण अनुकूल पहल, हरित कार्यप्रणाली और डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।