भोपाल में रिश्ते का खौफनाक अंत ! पत्नी की हत्या के बाद पति ने रची जहर खाने की कहानी, पोस्टमार्टम ने खोला पूरा राज....

देश-प्रदेश / मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़

भोपाल में रिश्ते का खौफनाक अंत ! पत्नी की हत्या के बाद पति ने रची जहर खाने की कहानी, पोस्टमार्टम ने खोला पूरा राज....

*Sep 24, 2026 02:04 PM*

भोपाल के बरखेड़ा पठानी इलाके में विवाहेत्तर संबंध के शक ने एक परिवार को दर्दनाक घटना तक पहुंचा दिया। आरोप है कि पति ने विवाद के दौरान पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के जहर खाने की कहानी बताई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच्चाई सामने आ गई।

*विवाद के बाद पत्नी की हत्य.*

गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 33 वर्षीय रेणु कुशवाह की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उसके पति योगेश कुशवाह ने पुलिस को बताया था कि वह काम की तलाश में बाहर गया था और लौटने पर पत्नी को मृत पाया। उसने पत्नी के जहर खाने की आशंका जताई थी।

*पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज..*

पुलिस को मामले में संदेह हुआ। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने योगेश से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

*प्रेम संबंध बनाने को लेकर होता था विवाद..*

पुलिस के अनुसार, योगेश और रेणु की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पति ने पूछताछ में बताया कि पत्नी के एक युवक से संबंध होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार को भी इसी बात पर झगड़ा हुआ, जिसके दौरान उसने रेणु का गला दबा दिया।।

*पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार...*

हत्या के बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।