ब्लाक कार्यालय के सामने  स्थित गुफ्फापुरवा में कीचड़ और चोक नालियों से ग्रामीण परेशान ।  

सीतापुर / विकासखंड मिश्रित की ग्राम पंचायत जसरथपुर के मजरा गुफापुरवा में जर्जर सड़क और चोक नालियों के कीचड़ से ग्रामीण परेशान चल रहे है । वर्तमान समय बरसात का मौसम चल रहा है । चोक नालियों से गांव की सड़क पर जल भराव की समस्या गंभीर हो गई है। जिससे लोगों को घरों तक आने-जाने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है । ग्रामीणों के अनुसार सुबेदार और कुशल पाल के मकान से लेकर मुख्य मार्ग तक बनी नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है। नालियां गंदगी से पूरी तरह पट चुकी हैं । जिसके कारण बरसात का पानी सड़क पर भर जाता है और जलनिकासी बाधित हो गई है । ग्रामीणों ने बताया है कि सीतापुर-हरदोई मार्ग से गांव के अंदर विनोद ड्राइवर के मकान से लेकर रिजवान के मकान तक जाने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बरसात के दौरान इस मार्ग पर जल भराव होने से पैदल राहगीरों व स्कूली बच्चों तथा दोपहिया वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है । ग्रामीण गुड्डू, कुशल , सुबेदार , विनोद और राजकुमार सहित अन्य लोगों का आरोप है । कि कई बार ग्राम प्रधान तथा पंचायत सचिव केशव राना से सड़क की मरम्मत और नालियों की सफाई कराने के लिए लिखित एवं मौखिक शिकायत की गई । परन्तु अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई ।ग्रामीणों का कहना है । कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो गई है । फिर भी जिम्मेदार अधिकारी, ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव समस्या समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है । यहां के ग्रामीणों ने जर्जर सड़क और जल भराव की समस्या से शीघ्र निजात दिलाए जाने की मांग की है । इस सम्बंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत से बात की गई तो उन्होने बताया है । कि मौके की जांच कराकर शीघ्रनालियों की सफाई और सड़क को दुरुस्त करा दिया जाएगा ।