बैकुंठपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 9 में सीसी सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप,इंजीनियर की गैरमौजूदगी में निर्माण कार्य कराए जाने का दावा, गुणवत्ता की जांच की उठी मांग

बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 09 में निर्माणाधीन सीसी सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं जानकारी के अनुसार, सीसी सड़क निर्माण से पहले जमीन को रोलर से समतल कर नियमानुसार आधार तैयार किया जाना चाहिए। आरोप है कि निर्माण स्थल पर इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है। जमीन की खुदाई के बाद गिट्टी और बालू डालकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में सड़क की मजबूती और गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इंजीनियर की अनुपस्थिति में काम होने का आरोप

निर्माण कार्य के दौरान इंजीनियर की गैरमौजूदगी में ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से काम कराए जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है स्थानीय स्तर पर मांग की जा रही है कि नगर पालिका के उच्च अधिकारी निर्माण स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री, सड़क के आधार और निर्धारित तकनीकी मानकों की जांच कराएं यदि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि सरकारी राशि का सदुपयोग हो और नागरिकों को टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क मिल सके।