बुलेट ट्रेन जल्द दौड़ेगी ट्रैक पर, दिसंबर तक सूरत-वापी सेक्शन पूरा करने का लक्ष्य

अहमदाबाद। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुजरात दौरे के दौरान मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूरत से वापी के बीच पहले सेक्शन का निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद भारत में निर्मित और विकसित बुलेट ट्रेन को ट्रैक पर उतारकर व्यापक परीक्षण किया जाएगा।

रेल मंत्री ने बताया कि स्वदेशी बुलेट ट्रेन के कार बॉडी, बोगी, प्रोपल्शन सिस्टम, व्हीकल इलेक्ट्रॉनिक्स, पहियों, पैंटोग्राफ और ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम समेत विभिन्न हिस्सों के एकीकरण का काम तेजी से चल रहा है। ट्रैक पर उतारने के बाद ट्रेन का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा और परीक्षण पूरा होने के बाद पहले सेक्शन को शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बीकेसी से ठाणे के बीच समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग के लिए आवश्यक शाफ्ट का निर्माण और टनल बोरिंग मशीनों की स्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण प्रारंभिक कार्य पूरे हो चुके हैं। अब दोनों मशीनों के जरिए सुरंग निर्माण को गति दी जाएगी। हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के स्टेशनों और पुलों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।

रेल मंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी और परियोजना की तकनीकी जटिलताओं के बावजूद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया गया है। भारत में बुलेट ट्रेन का स्वदेशी विकास हाई स्पीड रेल तकनीक में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पर्यटन स्थलों पर होंगे

रेल मंत्री ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक ले जाने की पहल की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से यह पहल शुरू की गई है, ताकि फिल्म पुरस्कार समारोह के साथ देश के पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिल सके।

इसी क्रम में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन गुजरात के एकता नगर में किया जा रहा है, जहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थित है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 सितंबर को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।

रेल मंत्री ने सभी राज्यों से आगामी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के लिए अपने महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों का नामांकन करने और वहां आवश्यक विकास एवं सुधार कार्यों की जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है।