बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में सभी नामजद आरोपित गिरफ्तार, जेल भेजे गए

आलापुर (अंबेडकरनगर) | पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आई 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में पुलिस ने सभी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

मामला राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर कोडरहा गांव का है। यहां बीते दिन पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतका के पुत्र श्याम नारायन तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश देकर सभी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) देवेश चतुर्वेदी (आइपीएस) ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।