बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 260 पेयजल नमूनों की जांच, सभी मानकों पर खरे

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 260 पेयजल नमूनों की जांच, सभी मानकों पर खरे

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने चलाया विशेष पेयजल परीक्षण अभियान

बिलासपुर। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष पेयजल परीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता के साथ जल वितरण केंद्रों और संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक देवेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान चिकित्सा विभाग की टीम ने बिलासपुर स्टेशन से पेयजल के 260 नमूने एकत्रित कर उनकी जांच की। जांच में सभी नमूने निर्धारित पेयजल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए।

पेयजल की जांच के साथ स्टेशन पर जल वितरण व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, पेयजल स्थलों की स्वच्छता और यात्रियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। चिकित्सा विभाग की टीम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पेयजल की गुणवत्ता तथा स्वच्छता व्यवस्था लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पेयजल की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जा रही है। रेलवे का कहना है कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल यात्रियों की मूलभूत आवश्यकता है, इसलिए इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर विशेष परीक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी अभियान चलाए जाते हैं।