बिजनौर में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, 11 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट

बिजनौर में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, 11 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट

42 लोगों को दिया अग्नि सुरक्षा और सुरक्षित निकासी का प्रशिक्षण

बिजनौर में अग्नि सुरक्षा को मजबूत करने और लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को अग्निशमन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश के निर्देश, पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश और मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में स्कीम नंबर-05 के तहत अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान नजीबाबाद, नगीना, बिजनौर, धामपुर और चांदपुर अग्निशमन केंद्रों की टीमों ने जिले के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और सौंदर्य प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। कुल 11 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया गया, जबकि 42 लोगों को अग्नि सुरक्षा और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी का प्रशिक्षण दिया गया।

अग्निशमन टीमों ने फ्लोरिना मेकओवर्स एकेडमी, द टेस्ट ऑफ तंदूर रेस्टोरेंट, आरके ब्यूटी सैलून, द ग्रेट वीआईपी लुक्स यूनिसेक्स सैलून, खैरा ढाबा, हंस हवेली रेस्टोरेंट, बीकानेर रेस्टोरेंट, चैताली होटल, ऐश्वर्या होटल, गैलेक्सी फूड प्लाजा और मिस इंडिया रेस्टोरेंट एंड ढाबा का निरीक्षण किया।

इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों और कर्मचारियों को आग से बचाव के आवश्यक उपायों, आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी तथा अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन विभाग के इस अभियान का उद्देश्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा कर्मचारियों एवं आमजन को आग जैसी आपात परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के लिए तैयार करना रहा।