बांग्लादेश को 18 रेल कोच निर्यात, फिरोजपुर मंडल को मिला 91.73 लाख रुपये का राजस्व

बांग्लादेश को 18 रेल कोच निर्यात, फिरोजपुर मंडल को मिला 91.73 लाख रुपये का राजस्व

हुसैनपुर से बांग्लादेश के दर्शना स्टेशन के लिए रवाना हुई पहली रेक

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे ने रेल कोचों के निर्यात के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। फिरोजपुर मंडल के प्रयासों से 18 एलएचबी रेल कोचों की पहली रेक 11 अक्टूबर को हुसैनपुर रेलवे स्टेशन से बांग्लादेश के दर्शना रेलवे स्टेशन के लिए रवाना की गई। इस निर्यात से फिरोजपुर मंडल को 91.73 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट ने इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। सभी 18 एलएचबी कोच रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला में निर्मित किए गए हैं। इन कोचों को बांग्लादेश रेलवे की परिचालन और यात्री सुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

यह उपलब्धि फिरोजपुर मंडल, रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला, राइट्स लिमिटेड और बांग्लादेश रेलवे के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है। इससे भारतीय रेलवे के राजस्व में वृद्धि के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वदेशी रेल कोचों के निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (माल) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों और विभिन्न संस्थानों के साथ बेहतर तालमेल से यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि यह पहल ?मेक इन इंडिया, फॉर द वर्ल्ड? की भावना के अनुरूप है और वैश्विक रेलवे क्षेत्र में भारत की उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।