बरेली सिटी स्टेशन पर सफाई कर्मचारियों से रूबरू हुईं राष्ट्रीय आयोग की सदस्या डॉ. सुषमा गोरियाल

बरेली सिटी स्टेशन पर सफाई कर्मचारियों से रूबरू हुईं राष्ट्रीय आयोग की सदस्या डॉ. सुषमा गोरियाल

समस्याएं सुनीं, समाधान का दिया भरोसा, अधिकारियों और ठेकेदारों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

बरेली। सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्या डॉ. सुषमा गोरियाल ने मंगलवार को बरेली सिटी रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. सुषमा गोरियाल ने स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया और साफ-सफाई के स्तर पर संतोष व्यक्त किया।

सफाई कर्मचारियों के कल्याण पर हुआ सेमिनार

दौरे के बाद इज्जतनगर स्थित रेलवे अधिकारी क्लब में सफाई कर्मचारियों के हितों और कल्याण को लेकर एक सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें रेलवे अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, यूनियनों, एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों और सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया।

सेमिनार को संबोधित करते हुए डॉ. सुषमा गोरियाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज और राष्ट्र के स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को सम्मान देना और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और ठेकेदारों को कर्मचारियों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कर्मचारियों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास जरूरी

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने डॉ. सुषमा गोरियाल के सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का योगदान रेलवे की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में बेहद महत्वपूर्ण है। उनके हितों की रक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने अतिथियों, अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक और अन्य रेलकर्मी भी उपस्थित रहे।