बटेश्वर में 15 हजार दीपों से जगमगाएंगे घाट, पर्यटन अधिकारी ने लिया तैयारियों का जायजा

बाह :बटेश्वर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। रामेश्वर घाट से सेल्फी प्वाइंट तक शाम सात बजे 15 हजार दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता नीरज सिंह और बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह द्वारा किया जाएगा। दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार शाम चार बजे क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह बटेश्वर पहुंचे। उन्होंने रामेश्वर घाट से सेल्फी प्वाइंट तक विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। घाटों पर साफ-सफाई और दीप जलाने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उप परियोजना अधिकारी एसपी दुबे, इंजीनियर दीपक कुमार व पीयूष गुप्ता, पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, बीडीओ नीरज तिवारी, सतेंद्र सिंह, ग्राम सचिव गौरव यादव, मंदिर प्रबंधक अजय भदौरिया सहित अन्य मौजूद रहे।