फिरोजाबाद के ग्लास उद्योगों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत

संवाद सिटी अपडेट रिपोर्ट प्रशांत कुलश्रेष्ठफिरोजाबाद के ग्लास उद्योगों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2020 में दायर उन आवेदनों का निस्तारण कर दिया है, जिनमें उद्योगों के पुराने विस्तार को चुनौती दी गई थी। न्यायालय ने ग्लास उद्योगों के विरुद्ध कोई प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया और न ही उनके पूर्व विस्तार के संबंध में किसी कार्रवाई का निर्देश दिया। इस प्रकार, लगभग छह वर्षों से लंबित आरोपों से संबंधित कार्यवाही का अंत हो गया है।

न्यायालय ने स्पष्ट किया कि भविष्य में उद्योगों की स्थापना, विस्तार अथवा स्थानांतरण से संबंधित विषय पहले से निर्धारित विशेषज्ञ-आधारित व्यवस्था के अंतर्गत विचारित किए जाएंगे। यह व्यवस्था सुप्रीम कोर्ट द्वारा Suo Motu Writ Petition (Civil) No. 9 of 2026, In Re: Regulation of Industries in the Taj Trapezium Zone में पारित आदेश के अनुसार संचालित होगी।

इस निर्णय के बाद ग्लास उद्योगों को पुराने विस्तार से संबंधित आरोपों के लिए बार-बार सुप्रीम कोर्ट का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब केवल कोई नया विवाद अथवा विशेषज्ञों के बीच असहमति उत्पन्न होने की स्थिति में ही मामला सुप्रीम कोर्ट के समक्ष आएगा। यह आदेश उद्योगों के लिए लंबे समय से जारी कानूनी अनिश्चितता का अंत करने वाली एक बड़ी और निर्णायक राहत है।