फिरोजपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का शुभारंभ

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में गुरुवार, 17 सितंबर को ?स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत? की थीम के साथ ?स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026? का शुभारंभ किया गया। अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ स्वच्छता लक्षित इकाई में श्रमदान कर अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। अभियान के तहत रेलवे की चिन्हित स्वच्छता लक्षित इकाइयों की सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों और रेलवे ट्रैक सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। कचरा, नालियों और शौचालयों की सफाई के साथ डस्टबिन की उपलब्धता और प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों और युवाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। इसके तहत कचरा पृथक्करण, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों के लिए भ्रमण, नुक्कड़ नाटक और कला प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।

रेलवे परिसरों के सौंदर्यीकरण के लिए सेल्फी प्वाइंट विकसित करने तथा स्थानीय संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता बढ़ाने की भी योजना है। वहीं, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर के तहत सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का समापन 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर होगा। इस दौरान स्वच्छता और सेवा के प्रति महात्मा गांधी के आदर्शों को याद करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।