फिरोजपुर मंडल में 13 रेलकर्मियों को मिला ₹1.30 करोड़ से अधिक का सेवानिवृत्ति भुगतान

फिरोजपुर मंडल में 13 रेलकर्मियों को मिला ₹1.30 करोड़ से अधिक का सेवानिवृत्ति भुगतान

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सौंपे भुगतान संबंधी दस्तावेज, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के सम्मान और उनके आर्थिक हितों को प्राथमिकता देते हुए सितंबर 2026 में सेवानिवृत्त हुए 13 रेलकर्मियों को ₹1.30 करोड़ से अधिक की राशि का समापन देय भुगतान किया गया। बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को यह भुगतान प्रदान किया और रेलवे में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सभी सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग सोच-समझकर और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर करना चाहिए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद का जीवन आर्थिक रूप से सुरक्षित और खुशहाल बना रहे।

सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को पीपीओ, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, अवकाश नकदीकरण, जीआईएस और पीएफ सहित 6 प्रकार के भुगतान किए जाते हैं। इन भुगतानों के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी सेवा अवधि के दौरान अर्जित वित्तीय लाभ उपलब्ध कराए जाते हैं।

इस दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक संबंधी जानकारी और व्यक्तिगत विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध फोन कॉल, संदेश या लिंक से सावधान रहें, ताकि मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (माल) परमदीप सिंह सैनी, मंडल अभियंता मुख्यालय आकाशदीप, मंडल यांत्रिक अभियंता अचरज गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

फिरोजपुर मंडल की इस पहल के माध्यम से सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को उनके देय लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।