फिरोजपुर मंडल में स्वच्छ भारत दिवस पर चला स्वच्छता अभियान, 1215 इकाइयों का किया गया सफाई एवं सौंदर्यीकरण

फिरोजपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को फिरोजपुर मंडल में स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। स्वच्छता पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने रेलवे अधिकारी क्लब, फिरोजपुर में अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ?एक पेड़ मां के नाम? अभियान के तहत सामूहिक वृक्षारोपण किया गया।

इस अवसर पर फिरोजपुर कैंट, अमृतसर, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, लुधियाना और फगवाड़ा रेलवे स्टेशनों तथा रेलवे कॉलोनियों में प्रभात फेरी निकालकर स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत का संदेश दिया गया। मंडल के विभिन्न स्टेशनों, परिसरों, कॉलोनियों और स्वास्थ्य इकाइयों में भी स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की गईं। रेलवे एवं स्थानीय विद्यालयों में चार डस्टबिन प्रणाली और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम हुए। जालंधर कैंट और अमृतसर स्टेशन पर छात्रों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जबकि जालंधर सिटी और अमृतसर में नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिताएं, सेल्फी बूथ और ?कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण? आधारित अभियान चलाए गए।

अभियान के दौरान मंडल की 1215 स्वच्छता लक्षित इकाइयों की सफाई और सौंदर्यीकरण किया गया। सभी स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ नालियों और शौचालयों की गहन सफाई तथा चिन्हित और विशेष ट्रेनों का स्वच्छता निरीक्षण किया गया। इसके अलावा जीरो-वेस्ट खेल प्रतियोगिताएं, विरासत स्टेशनों अमृतसर, अटारी, डेरा बाबा नानक, हुसैनीवाला और सुल्तानपुर लोधी में विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।

सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए गए। वहीं कबाड़ से जुगाड़ और कबाड़ से कला के माध्यम से रचनात्मकता और पुनर्चक्रण का संदेश दिया गया। स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाई मित्रों और स्वच्छाग्रहियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।