फिरोजपुर मंडल में डिजिटल भुगतान को मिला बड़ा बढ़ावा, टिकट बुकिंग में यूपीआई का बढ़ता इस्तेमाल

फिरोजपुर मंडल में डिजिटल भुगतान को मिला बड़ा बढ़ावा, टिकट बुकिंग में यूपीआई का बढ़ता इस्तेमाल

15% से अधिक अनारक्षित टिकट और 30% से अधिक आरक्षित टिकटों का भुगतान डिजिटल माध्यम से, यात्रियों को मिल रही तेज, सुरक्षित और आसान सुविधा

फिरोजपुर। रेलवे यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक टिकटिंग व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में फिरोजपुर मंडल लगातार नए कदम उठा रहा है। डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देते हुए फिरोजपुर मंडल ने रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की है। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और यात्रियों के बीच यूपीआई सहित डिजिटल भुगतान के प्रति तेजी से रुझान बढ़ रहा है।

मंडल प्रशासन द्वारा यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए डिजिटल माध्यम अपनाने हेतु लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष डिजिटल भुगतान बुकिंग खिड़कियां भी निर्धारित की गई हैं। इससे यात्रियों को टिकट खरीदने में कम समय लग रहा है और भुगतान प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, सुरक्षित तथा पारदर्शी बन रही है। साथ ही नकदी पर निर्भरता कम होने से टिकट खिड़कियों पर भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिल रही है।

डिजिटल सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रेलवे की ओर से 'रेलवन' ऐप के प्रति भी विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि यात्री घर बैठे और आसानी से रेलवे की डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकें।

मंडल के लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, अमृतसर और फिरोजपुर कैंट जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान डिजिटल भुगतान के आंकड़े उत्साहजनक रहे। इस अवधि में अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (यूटीएस) में प्रतिदिन औसतन 15 प्रतिशत से अधिक लेनदेन डिजिटल माध्यम से किए गए, जबकि यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) में प्रतिदिन औसतन 30 प्रतिशत से अधिक लेनदेन डिजिटल भुगतान के जरिए हुए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने यात्रियों से अपील की कि वे टिकट बुकिंग के लिए अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान से टिकटिंग प्रक्रिया तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनती है। मंडल प्रशासन यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है।

फिरोजपुर मंडल की यह पहल रेलवे सेवाओं को आधुनिक बनाने, यात्रियों का समय बचाने और डिजिटल इंडिया के संकल्प को धरातल पर मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रही है।