फिरोजपुर मंडल को एसएलआर लीजिंग अनुबंध से मिलेगा 21.72 लाख रुपये का राजस्व

फिरोजपुर। रेलवे की आय बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल में ई-निविदा के माध्यम से ट्रेन संख्या 12422 अमृतसर-नांदेड़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एसएलआर लीजिंग अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित किया गया है। इस तीन वर्षीय अनुबंध से रेलवे को 21.72 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।

एसएलआर लीजिंग व्यवस्था के तहत ट्रेन में उपलब्ध स्थान का उपयोग व्यापारियों के सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। इससे व्यापारियों को अपना सामान सुरक्षित और तेजी से भेजने की सुविधा मिलती है। साथ ही समय और परिवहन लागत की बचत भी होती है।

ई-निविदा के माध्यम से अनुबंध आवंटित किए जाने से प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। इस व्यवस्था से रेलवे को अतिरिक्त आय प्राप्त होती है और उपलब्ध संसाधनों का व्यावसायिक उपयोग भी बढ़ता है।

फिरोजपुर मंडल की यह पहल रेलवे के गैर-किराया राजस्व में वृद्धि करने के साथ व्यापारियों को बेहतर माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।