फिरोजपुर मंडल की बड़ी उपलब्धि: ढंडारी कलां से दादरी के लिए पहली बार रवाना हुआ निर्यात कंटेनर रेक

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के लगातार प्रयासों से रेल माल यातायात को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। 29 अगस्त 2026 को कंटेनर डिपो ढंडारी कलां से कंटेनर डिपो दादरी के लिए कन्कोर के निर्यात कंटेनर रेक की पहली बार सफलतापूर्वक लोडिंग कर रवाना किया गया। इस नई पहल से फिरोजपुर मंडल को हर माह दो अतिरिक्त कंटेनर रेक का यातायात मिलने की उम्मीद है।

इस नई व्यवस्था से ढंडारी कलां से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट तक निर्यात कंटेनरों के परिवहन में लगने वाला समय लगभग आधा हो जाएगा। कम समय में माल गंतव्य तक पहुंचने से निर्यातकों और व्यापारियों के लिए रेल परिवहन अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनेगा। साथ ही सड़क मार्ग से माल यातायात को रेल मार्ग की ओर स्थानांतरित करने में भी मदद मिलेगी।

नई व्यवस्था के तहत ढंडारी कलां सहित अन्य कंटेनर डिपो से बुक किए गए निर्यात कंटेनरों को पहले अंतर्देशीय कंटेनर डिपो दादरी भेजा जाएगा। इसके बाद इन्हें डबल-स्टैक कंटेनर रेक में लोड कर जवाहरलाल नेहरू पोर्ट तक पहुंचाया जाएगा। डबल-स्टैक रेक के माध्यम से एक ही रेक में अधिक कंटेनरों और अधिक टीईयू का परिवहन संभव होगा, जिससे रेलवे की माल ढुलाई क्षमता में वृद्धि होगी।

इस सुविधा का लाभ अफ्रीका, अमेरिका, कनाडा और यूरोप जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए निर्यात किए जाने वाले माल को मिलेगा। ढंडारी कलां से दादरी के लिए प्रत्येक शनिवार साप्ताहिक सेवा उपलब्ध रहेगी। इससे जवाहरलाल नेहरू पोर्ट, मुंद्रा कंटेनर टर्मिनल और पिपावाव पोर्ट जैसे प्रमुख गंतव्यों तक निर्यात माल की तेज, सुगम और प्रभावी आवाजाही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा किए जा रहे प्रयासों से नए व्यापारिक ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ने, सड़क से रेल की ओर माल यातायात स्थानांतरित करने और मंडल के माल राजस्व में वृद्धि करने को लगातार गति मिल रही है। कंटेनर परिवहन की यह नई पहल रेलवे और व्यापार जगत के बीच बेहतर तालमेल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।