प्रशिक्षण एवं प्रसार योजना के अंतर्गत पशुपालन विभाग की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

देवरिया। जनपद मुख्यालय स्थित पॉलीक्लीनिक के सभागार में प्रशिक्षण एवं प्रसार योजना के अंतर्गत पशुपालन विभाग की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने की। कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर डॉ. अजय कुमार, डॉ. राम श्याम सिंह एवं डॉ. वीरेंद्र कुमार पटेल ने जनपद के समस्त पशु चिकित्साधिकारियों, पशुधन प्रसार अधिकारियों, वेटनरी फार्मासिस्टों एवं पैरावेट्स को प्रशिक्षण दिया।प्रशिक्षकों ने पशु चिकित्सा, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, रोग नियंत्रण एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित आधुनिक तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन करने से पशुधन विकास में तेजी आएगी और पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी, जिससे वे समृद्ध बनेंगे।
इस दौरान पशुओं में होने वाले संक्रामक रोगों की पहचान, समय से टीकाकरण, संतुलित आहार और कृत्रिम गर्भाधान के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।कार्यशाला में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिग्विजय यादव, पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी, वेटनरी फार्मासिस्ट राकेश कुमार भारती सहित जनपद के सभी पशुपालन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।