प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान, अगस्त में 70 हजार से अधिक यात्री प्रभारित

प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान, अगस्त में 70 हजार से अधिक यात्री प्रभारित

बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर कार्रवाई, 6.67 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला

प्रयागराज। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में अगस्त माह में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।

1 से 31 अगस्त 2026 तक चले अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक किए सामान ले जाने, धूम्रपान और गंदगी फैलाने के मामलों में कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 70,604 यात्रियों को प्रभारित करते हुए 6 करोड़ 67 लाख 32 हजार 365 रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के आंकड़ों के अनुसार, बिना टिकट यात्रा करने वाले 30,518 यात्रियों से 3 करोड़ 54 लाख 2 हजार 748 रुपये, जबकि अनियमित यात्रा करने वाले 36,539 यात्रियों से 84 लाख 1 हजार 960 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, अनबुक्ड लगेज के 27 मामलों में 20,376 रुपये तथा धूम्रपान और गंदगी फैलाने वाले 3,520 यात्रियों से 29 लाख 7 हजार 281 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। साथ ही ट्रेनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने का आग्रह किया गया है।

रेल प्रशासन के अनुसार, ऐसे अभियान का उद्देश्य यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुखद रेल यात्रा का माहौल तैयार करना है। प्रयागराज मंडल की ओर से यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव के लिए टिकट चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।