प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को रेलवन ऐप के प्रति किया जागरूक

प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को रेलवन ऐप के प्रति किया जागरूक

डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए चलाया गया जागरूकता अभियान

प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार को यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और टिकट बुकिंग को आसान बनाने के उद्देश्य से रेलवन ऐप को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रयागराज श्री हरिमोहन के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान रेल कर्मचारियों ने यात्रियों को ऐप की उपयोगिता और इसके माध्यम से मिलने वाली विभिन्न यात्री सुविधाओं की जानकारी दी।

अभियान के दौरान यात्रियों के एंड्रॉयड मोबाइल फोन में रेलवन ऐप डाउनलोड कराया गया। साथ ही उन्हें ऐप के माध्यम से आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि रेलवन ऐप भारतीय रेलवे की कई यात्री सेवाओं को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराता है।

वाणिज्य निरीक्षक प्रयागराज जंक्शन आर.पी. मीना और मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक राकेश कुमार की देखरेख में चले अभियान में यात्रियों को बताया गया कि ऐप से टिकट बुकिंग और रद्दीकरण के अलावा ट्रेन, कोच पोजीशन, पीएनआर और लाइव ट्रेन स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही ई-कैटरिंग के जरिए ऑनलाइन भोजन बुक करने तथा शिकायत और सुझाव दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

डिजिटल भुगतान पर मिलेगा लाभ

यात्रियों को यह भी जानकारी दी गई कि रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर मिलने वाला तीन प्रतिशत लाभ अब विभिन्न डिजिटल भुगतान माध्यमों पर भी उपलब्ध है। यात्री यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग सहित स्वीकृत डिजिटल माध्यमों से भुगतान कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

रेल प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग और ऑनलाइन यात्री सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि उन्हें टिकट खिड़की पर कतार में लगने की आवश्यकता कम हो और यात्रा संबंधी सेवाएं मोबाइल के माध्यम से आसानी से उपलब्ध हो सकें।