पेड़ों की छंटाई के चलते कल तीन घंटे प्रभावित रहेगी 33 केवी बिजली लाइन, कई इलाकों में आपूर्ति पर असर

पेड़ों की छंटाई के चलते कल तीन घंटे प्रभावित रहेगी 33 केवी बिजली लाइन, कई इलाकों में आपूर्ति पर असर

सुबह 6 से 9 बजे तक शटडाउन, उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

मुरादाबाद। शहर में बेहतर और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत नगरीय वितरण खंड (तकनीकी) द्वारा 3 सितंबर को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कटघर से संचालित 33 केवी लाइनों पर पेड़ों की डालियों की कटाई-छंटाई का कार्य किया जाएगा। इसके चलते सुबह तीन घंटे तक कई इलाकों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

विद्युत विभाग के अनुसार यह कार्य सुबह 6 बजे से 9 बजे तक प्रस्तावित है। कार्य के दौरान कटघर उपकेंद्र से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी।

इन इलाकों में प्रभावित रहेगी बिजली

पेड़ों की डालियों की छंटाई के चलते गाड़ीखाना, मकबरा फाटक, मकबरा जवाली वाली गली, मकबरा हजारी, बरवालान, सिविल हजारी, मुगलपुरा लाल स्कूल सहित संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।

विभाग का कहना है कि पेड़ों की शाखाओं के कारण विद्युत लाइनों पर आने वाली संभावित बाधाओं को दूर करने और भविष्य में आपूर्ति को अधिक सुरक्षित एवं भरोसेमंद बनाने के लिए यह कार्य किया जा रहा है।

उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान बिजली आपूर्ति प्रभावित होने पर सहयोग बनाए रखें। विभाग ने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति को सामान्य करने के प्रयास किए जाएंगे।

बिजली विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्युत लाइनों को सुरक्षित रखते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।