पूजा त्योहार पर यात्रियों को राहत, दो जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन और सेवाओं का विस्तार

प्रयागराज। पूजा त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने दो जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें जालना-छपरा-जालना के बीच नई विशेष ट्रेन का संचालन तथा हैदराबाद-दानापुर के बीच चल रही विशेष ट्रेनों की सेवाओं का विस्तार शामिल है।

जालना-छपरा के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 07651 जालना-छपरा विशेष ट्रेन प्रत्येक बुधवार को 7 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक चार फेरे लगाएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 07652 छपरा-जालना विशेष ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को 9 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चार फेरे लगाएगी।

यह विशेष ट्रेन छत्रपति संभाजीनगर, नगरसोल, मनमाड, भुसावल, खंडवा, हरदा, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, विंध्याचल, वाराणसी, औंरिहार, गाजीपुर सिटी और बलिया सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान, चार सामान्य श्रेणी, एक एसएलआर और एक एसएलआर/डी कोच शामिल होंगे।

हैदराबाद-दानापुर विशेष ट्रेन की सेवाओं का विस्तार

यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 07091 हैदराबाद-दानापुर विशेष ट्रेन की सेवाओं का विस्तार किया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक कुल नौ फेरे लगाएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 07092 दानापुर-हैदराबाद विशेष ट्रेन प्रत्येक सोमवार को 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक नौ फेरे लगाएगी।

इन ट्रेनों का ठहराव सिकंदराबाद, चार्लापल्ली, काजीपेट, रामागुंडम, मंचिरयाल, सिरपुर कागजनगर, बल्हारशाह, चांदा फोर्ट, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर और आरा सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।

इन विशेष ट्रेनों में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें तीन वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, पांच वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान, चार सामान्य श्रेणी और दो अन्य कोच शामिल हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले विशेष ट्रेनों के समय, ठहराव और अन्य परिचालन संबंधी जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली अथवा रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप से प्राप्त कर लें।