पुणे में नहीं उतर सकीं कनाडा से आई एनआरआई यात्री, रेलवे ने करजत में रुकवाई वंदे भारत; सुरक्षित उतारकर पुणे भेजा

मुंबई। भारतीय रेलवे ने एक बार फिर यात्री सुविधा और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। पुणे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस से नहीं उतर सकीं कनाडा की एनआरआई यात्री की परेशानी की जानकारी मिलते ही मध्य रेलवे के कर्मचारियों ने तत्काल कदम उठाया और उन्हें सुरक्षित उतारने की पूरी व्यवस्था की।

जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 22226 वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहीं कनाडा निवासी मनीजेस पावरी पुणे स्टेशन पर ट्रेन से उतर नहीं सकीं। रेलवे कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिलते ही यात्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें अगले उपयुक्त स्टेशन करजत पर सुरक्षित उतारने की व्यवस्था की गई।

इसके लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को करजत स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर रोका गया। ट्रेन सुबह 10:20 बजे करजत पहुंची और रेलवे कर्मचारियों की सहायता से यात्री को सुरक्षित उतारने के बाद 10:23 बजे रवाना हो गई।

यात्री को करजत स्टेशन पर उतारने के बाद रेलवे की ओर से उन्हें पुणे वापस पहुंचने में भी सहायता दी गई। उन्हें गाड़ी संख्या 11301 में सवार कर पुणे तक लौटने की व्यवस्था में सहयोग किया गया।

रेलवे कर्मचारियों की इस त्वरित कार्रवाई से यात्री को समय पर मदद मिल सकी। यह पूरा घटनाक्रम दर्शाता है कि भारतीय रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और जरूरत के समय यात्रियों की सहायता के लिए तत्पर रहता है।

मध्य रेलवे की इस संवेदनशील पहल ने एक बार फिर साबित किया कि रेलवे केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने वाली एक जिम्मेदार सेवा भी है।