पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत यात्रियों को किया जागरूक

पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत यात्रियों को किया जागरूक

स्वच्छता के प्रति यात्रियों को किया जागरूक

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में विशेष अभियान 6.0 के तहत रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों को स्वच्छता और कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नामित अधिकारी ने यात्रियों को गीले कचरे, सूखे कचरे, सैनिटरी वेस्ट और विशेष कचरे के लिए निर्धारित 4 प्रकार के डस्टबिन का उपयोग करने की जानकारी दी। यात्रियों से अपील की गई कि वे प्रत्येक प्रकार के कचरे को संबंधित डस्टबिन में ही डालें, जिससे कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सके और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनी रहे।

अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों की उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता संबंधी संदेश और नारे प्रसारित कर यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखना है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर में कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें। रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों के सामूहिक सहयोग से ही रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है।