पलसाना स्टेशन पर बढ़ीं यात्री सुविधाएं, शेखावाटी और खाटूश्यामजी जाने वाले यात्रियों को मिलेगा लाभ

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में जयपुर मंडल के पलसाना रेलवे स्टेशन पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली शुरू (कमीशन) कर दी गई है।

इस नई व्यवस्था के तहत स्टेशन पर ट्रेन इंडिकेशन डिस्प्ले सिस्टम, कोच गाइडेंस बोर्ड और डिजिटल घड़ी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनके माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान, प्लेटफॉर्म संख्या तथा कोच की स्थिति सहित अन्य जरूरी जानकारी स्पष्ट और आसानी से मिल सकेगी।

पलसाना स्टेशन शेखावाटी क्षेत्र के साथ-साथ खाटूश्यामजी आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण स्टेशन है। ऐसे में एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली शुरू होने से यात्रियों को ट्रेन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी और स्टेशन पर यात्रा व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी।

रेलवे के इस कदम से पलसाना स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ ही उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक, सुगम और बेहतर होने की उम्मीद है।