पलसधरी-खोपोली के बीच दो माह तक रात में तीन घंटे रहेगा विशेष ब्लॉक, लोकल सेवाएं प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा पलसधरी और खोपोली के बीच टीएसआर कार्य के लिए दो माह की अवधि तक प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि में तीन घंटे का विशेष यातायात एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक की शुरुआत 18/19 सितंबर की मध्यरात्रि से होगी।

रेल प्रशासन के अनुसार प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को रात 1:30 बजे से सुबह 4:30 बजे तक पलसधरी-खोपोली रेलखंड पर ब्लॉक रहेगा। इस दौरान पलसधरी और खोपोली के बीच उपनगरीय ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।

ब्लॉक के चलते खोपोली से रात 12:30 बजे रवाना होने वाली खोपोली-कर्जत लोकल रद्द रहेगी। वहीं सीएसएमटी से रात 11:18 बजे रवाना होने वाली सीएसएमटी-खोपोली लोकल का संचालन कर्जत स्टेशन तक ही किया जाएगा।

ब्लॉक से पहले और बाद की प्रमुख लोकल

ब्लॉक से पहले खोपोली के लिए अंतिम लोकल सीएसएमटी से रात 10:57 बजे रवाना होगी, जबकि खोपोली से ब्लॉक से पहले अंतिम लोकल रात 11:20 बजे रवाना होगी।

ब्लॉक समाप्त होने के बाद कर्जत से खोपोली के लिए पहली लोकल सुबह 5:43 बजे चलेगी। वहीं खोपोली से सीएसएमटी के लिए पहली लोकल सुबह 4:50 बजे रवाना होगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने बताया कि यह रखरखाव कार्य रेल बुनियादी ढांचे की देखभाल और संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। उन्होंने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।