पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स के कार्य के लिए 29 नवंबर तक विशेष ब्लॉक, कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें होंगी प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल में पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स के विकास कार्य को गति देने के लिए 22 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक विशेष पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान प्रतिदिन मध्यरात्रि 1:50 बजे से सुबह 4:05 बजे तक रेलवे लाइनों पर आवश्यक कार्य किए जाएंगे। ब्लॉक के चलते कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में रोककर चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स से संबंधित बाधाओं को हटाने और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए यह विशेष ब्लॉक लिया गया है। इसका असर अप एवं डाउन कर्जत लाइन, दिवा-वसई-रोहा-पनवेल सेक्शन की लाइनों और पनवेल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पड़ेगा।

25 और 26 नवंबर की मध्यरात्रि प्रभावित रहेंगी ट्रेनें

25/26 नवंबर की मध्यरात्रि ट्रेन संख्या 22655 एर्नाकुलम-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस को आप्टा स्टेशन पर 1 घंटा 30 मिनट, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जीते स्टेशन पर 1 घंटा और ट्रेन संख्या 20112 मडगांव-सीएसएमटी कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमटने स्टेशन पर 10 मिनट रोका जाएगा। वहीं 26 नवंबर को चलने वाली ट्रेन संख्या 22115 एलटीटी-करमाली एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक टर्मिनस से सुबह 4 बजे पुनर्निर्धारित समय पर रवाना होगी।

26 और 27 नवंबर को इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर

26/27 नवंबर की मध्यरात्रि ट्रेन संख्या 22115 एलटीटी-करमाली एक्सप्रेस को आप्टा स्टेशन पर 2 घंटे, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जीते स्टेशन पर 1 घंटे और ट्रेन संख्या 20112 कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमटने स्टेशन पर 10 मिनट रोका जाएगा। इसके अलावा 27 नवंबर को चलने वाली ट्रेन संख्या 11099 एलटीटी-मडगांव एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक टर्मिनस से सुबह 4 बजे पुनर्निर्धारित समय पर प्रस्थान करेगी।

27 और 28 नवंबर को भी ट्रेनों का होगा नियमन

27/28 नवंबर की मध्यरात्रि ट्रेन संख्या 22149 एर्नाकुलम-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस को आप्टा स्टेशन पर 2 घंटे, ट्रेन संख्या 20992 दौंड-अजमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को पोयंजे (म्होपे) स्टेशन पर 1 घंटे, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जीते स्टेशन पर 1 घंटे तथा ट्रेन संख्या 20112 कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमटने स्टेशन पर 10 मिनट रोका जाएगा। वहीं 28 नवंबर को चलने वाली ट्रेन संख्या 11099 एलटीटी-मडगांव एक्सप्रेस सुबह 4 बजे पुनर्निर्धारित समय पर रवाना होगी।

28 और 29 नवंबर की मध्यरात्रि भी रहेगा ब्लॉक का असर

28/29 नवंबर की मध्यरात्रि ट्रेन संख्या 22653 तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस को आप्टा स्टेशन पर 1 घंटा 30 मिनट, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जीते स्टेशन पर 1 घंटे और ट्रेन संख्या 20112 मडगांव-सीएसएमटी कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमटने स्टेशन पर 10 मिनट रोका जाएगा। इसके अलावा 29 नवंबर को चलने वाली ट्रेन संख्या 11099 एलटीटी-मडगांव एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक टर्मिनस से सुबह 4 बजे पुनर्निर्धारित समय पर प्रस्थान करेगी।

कोचिंग सुविधाओं में होगा सुधार

रेलवे प्रशासन के अनुसार पनवेल में नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स के विकसित होने से ट्रेनों के रखरखाव की व्यवस्था बेहतर होगी। इसके साथ ही कोचिंग सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। हालांकि, परियोजना का पूरा लाभ कोचिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य पूरा होने और उसके चालू होने के बाद ही मिल सकेगा।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने बताया कि रेलवे के बुनियादी ढांचे के रखरखाव, सुधार और यात्री संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये ब्लॉक आवश्यक हैं। ब्लॉक के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने खेद व्यक्त किया है।