पटाखा भंडारण व निर्माण स्थलों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान, तीन प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट

मुरादाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवाएं, लखनऊ के निर्देश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन में जनपद में पटाखा और विस्फोटक सामग्री के निर्माण व भंडारण स्थलों पर अग्नि सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। स्कीम संख्या-11 के तहत यह अभियान 2 से 11 सितंबर तक संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एफएसएसओ मोहित कुमार ने अपने-अपने क्षेत्रों में तीन स्थानों का फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा संबंधी निरीक्षण किया। टीमों ने बाबू आतिशबाजी, ठाकुरद्वारा, कृष्णा फायर वर्क्स, कल्याणपुर/देवापुर अंडरबाईपास रोड, कटघर तथा मो. रिजवान पुत्र मो. उस्मान, शेरुआ चौराहा, अगवानपुर के यहां पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जांच में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के अभाव को लेकर किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ कोई कार्रवाई लंबित नहीं पाई गई। अग्निशमन विभाग ने संचालकों को सभी सुरक्षा उपकरणों को सदैव कार्यशील रखने और विस्फोटक व पटाखा सामग्री का भंडारण निर्धारित सीमा के अनुरूप करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों से जुड़े 14 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित एवं जागरूक किया गया। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री के निर्माण और भंडारण वाले स्थानों पर सुरक्षा मानकों की नियमित जांच जारी रहेगी।