नीरा आर्या पर डाक टिकट एवं स्मारक सिक्का जारी करने का आग्रह

अंकित कुमार /बागपत 
खेकड़ा। महान स्वतंत्रता सेनानी 'नीरा आर्या' की 125वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार से विशेष स्मारक डाक टिकट एवं 10 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने हेतु आग्रह किया गया है। नीरा आर्य स्मारक एवं पुस्तकालय के संस्थापक तेजपालसिंह धामा एवं मधु धामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री और संचार मंत्री को पत्र लिखकर यह आग्रह किया है। उन्होंने भारत सरकार को भेजे पत्र में लिखा है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में देश की वीरांगनाओं का योगदान अतुलनीय रहा है। इन्हीं अमर स्वतंत्रता सेनानियों में आजाद हिंद फौज की प्रथम महिला जासूस वीरांगना नीरा आर्या का नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। 

नीरा आर्या ने मातृभूमि की रक्षा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 'आजाद हिंद' के सपने को साकार करने के लिए असीम त्याग, समर्पण और कठोर यातनाओं को सहन किया। जैसा कि हम इस समय नीरा आर्या जी की 125वीं पावन जयंती मना रहे हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर उनके अविस्मरणीय योगदान, अदम्य साहस और देशभक्ति को नमन करना तथा भावी पीढ़ियों को उनके आदर्शों से परिचित कराना देश का परम कर्तव्य है। अतः आपसे विनम्र प्रार्थना है कि भारतीय डाक विभाग द्वारा नीरा आर्या जी की स्मृति में एक विशेष स्मारक डाक टिकट जारी किया जाए और भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा उनकी 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में 10 रुपये का एक विशेष स्मारक सिक्का ढालकर जारी किया जाए। उन्होंने पत्र में लिखा कि इस कदम से न केवल एक महान वीरांगना को राष्ट्र की ओर से सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित होगी, बल्कि देश के युवाओं को देशप्रेम और स्वाभिमान की प्रेरणा भी मिलेगी।