नाले चोक, गली में भरा गंदा पानी, जिम्मेदार बेखबर

फिरोजाबाद,सिटी अपडेट।नारखी ब्लॉक क्षेत्र के कस्बा नगला बीच की सब्जी मंडी वाली गली में जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार गली के नाले काफी समय से चोक पड़े हैं, जिससे नालियों का गंदा पानी गली में भर रहा है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
गली में पानी भरा रहने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को निकलने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जलभराव के कारण गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद नालों की सफाई और जलनिकासी की समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से चोक पड़े नालों की सफाई कराने और गली में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।