नगर निगम चुनाव पहले दिन एक भी नामांकन नहीं, 300 से अधिक आवेदन पत्र वितरित,    आवेदन लेने के लिए उमड़ी दावेदारों की भीड़, शुक्रवार को अवकाश के चलते शनिवार से फिर शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

पाली सिटी

नगर निगम चुनाव पहले दिन एक भी नामांकन नहीं, 300 से अधिक आवेदन पत्र वितरित,
आवेदन लेने के लिए उमड़ी दावेदारों की भीड़, शुक्रवार को अवकाश के चलते शनिवार से फिर शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

पाली, सिटी। नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर गुरुवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दिन नगर निगम कार्यालय में एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। हालांकि पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन 300 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए। आवेदन पत्र प्राप्त करने के लिए सुबह से ही नगर निगम कार्यालय में दावेदारों की लंबी कतारें लगी रहीं।
पहले दिन नहीं हुआ कोई नामांकन -रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के प्रथम दिन किसी भी अभ्यर्थी ने अपना आवेदन जमा नहीं करवाया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के कारण नामांकन प्रक्रिया स्थगित रहेगी। अब शनिवार से पुनः नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा एवं प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
300 से अधिक आवेदन पत्र वितरित - सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि नगर निगम चुनाव के लिए आवेदन वितरण काउंटर पर गुरुवार सुबह से ही दावेदार आवेदन पत्र लेने के लिए पहुंचने लगे थे। दोपहर तक 300 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए जा चुके थे। आवेदन प्राप्त करने के लिए काउंटर पर दावेदारों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। निर्वाचन कार्मिकों ने अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी भी दी।
अवकाश के दिन भी हेल्प डेस्क से मिलेंगे आवेदन - रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद पार्षद पद के संभावित उम्मीदवारों की सुविधा को देखते हुए नगर निगम में बनाई गई हेल्प डेस्क पर आवेदन पत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे। अभ्यर्थी प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक हेल्प डेस्क से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शनिवार से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू होगी।
निर्वाचन व्यवस्थाओं पर रही नजर -नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों ने व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। आवेदन लेने पहुंचे दावेदारों को प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही आवेदन पत्र भरने एवं आवश्यक दस्तावेजों को लेकर मार्गदर्शन किया गया। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
ये रहे मौजूद -इस मौके पर विशेषाधिकारी कार्यालय निर्वाचन अधिकारी चौधरी बिरजू गोपाल, पाली तहसीलदार सुनील कुमार, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, महेन्द्र बैरवा, जयपाल सिंह चौहान, शंकर सिंह राजपुरोहित, कुलदीप जोशी, हिमांशु चतुर्वेदी, ताराचंद सेजू सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।