दीपावली और छठ पर रेलवे अलर्ट, स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी; भीड़ संभालने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती

बिलासपुर। दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख रेलवे स्टेशनों से लेकर यात्री ट्रेनों तक अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। वहीं यात्रियों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मुख्यालय में 24 घंटे डिजिटल वार रूम भी स्थापित किया गया है।

रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करना और उन्हें बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए फ्रंटलाइन कर्मचारियों को 24 घंटे ड्यूटी पर लगाया गया है, जो यात्रियों की सहायता करने और व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

आरपीएफ और सिविल डिफेंस की टीमें कर रहीं निगरानी

प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी समय पर देने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा आरपीएफ और सिविल डिफेंस की टीमें लाउड हेलर और सीटी के माध्यम से यात्रियों को जागरूक कर रही हैं, ताकि भीड़ के बीच सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

24 घंटे डिजिटल वार रूम से रखी जा रही नजर

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में डिजिटल वार रूम स्थापित किया गया है। यहां से ट्रेनों के परिचालन और प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति की वास्तविक समय में निगरानी की जा रही है। यात्रियों की शिकायतों और समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर उनका शीघ्र समाधान करने की व्यवस्था भी की गई है।

पेयजल, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान

त्योहारों के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल भी तैनात किए गए हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

टिकटिंग व्यवस्था को भी बनाया गया आसान

यात्रियों को टिकट लेने में असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क और अतिरिक्त टिकट चेकिंग कर्मचारियों की तैनाती की गई है। व्यस्त समय में अतिरिक्त टिकट काउंटर और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से डिजिटल भुगतान की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एम-यूटीएस और रेलवन ऐप के माध्यम से प्लेटफॉर्म और प्रवेश द्वार के पास ही अनारक्षित टिकट प्राप्त करने की सुविधा दी जा रही है।

चार प्रमुख मार्गों पर चलाई जा रहीं पूजा स्पेशल ट्रेनें

दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा दुर्ग-बरौनी-दुर्ग, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग, गोंदिया-पटना-गोंदिया और चर्लपल्ली-बरौनी-चर्लपल्ली के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि यात्री सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।